गंगा में मिला मांस का लोथड़ा, स्पर्श गंगा टीम ने जताई नाराजगी

0
1051

हरिद्वार। स्पर्श गंगा अभियान की टीम ने साप्ताहिक गंगा सफाई अभियान के तहत विभिन्न घाटों की सफाई की। सफाई अभियान के तहत गंगा में मांस के लोथड़े मिलने पर स्पर्श गंगा टीम ने गहरी नाराजगी जताई। इसके पहले भी गंगा में कई बार मांस का लोथड़ा मिल चुका है। मांस की सूचना स्पर्श गंगा अभियान के संयोजक शिखर पालीवाल ने अपर सचिव डाॅ. राघव लंगर, अधिशासी अभियन्ता जल निगम राजीव जैन एवं सम्बन्धित थाना कोतवाली में भी शिकायत की। टीम के सदस्यों ने अधिकारियों द्वारा इस मामले में घोर लापरवाही बरतने पर अपना गुस्सा जाहिर किया। शिखर पालीवाल ने कहा कि ऐसी घटनायें कई बार हो चुकी हैं। खुले रूप से गंदे नालों के माध्यम से जानवरों की चर्बी गंगा में बहाकर हिन्दुओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। सम्बन्धित अधिकारियों को इस ओर उचित संज्ञान लेकर ठोस कार्यवाही करनी चाहिये। सांसद प्रतिनिधि अनिल शर्मा ने कहा कि गंगा घाटों पर मांस के लोथड़े मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिये। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाये जो गंगा में खुले रूप से मांस बहा रहे हैं। अनिल शर्मा के नेतृत्व में गंगा घाट पर धरना भी दिया गया। जमकर नारेबाजी की गई। शैलेश डबराल ने चेतावनी देते हुए कहा कि गंगा में बहाये जा रहे मांस के टुकड़ों पर तुरंत अंकुश लगना चाहिये। श्रद्धालु गंगा घाटों पर पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा में मांस बहाया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। शुभम तालुकदार ने ज्वालापुर कोतवाली में गंगा में मांस फेंकने वाले तत्वों पर कार्यवाही की तहरीर दी। अजय जोशी ने कहा कि स्पर्श गंगा टीम के सदस्य अपने दायित्वों को निभाते चले आ रहे हैं। विभिन्न गंगा घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है लेकिन शासन प्रशासन गंगा घाटों पर बहाये जा रहे मांस के टुकड़ों को नहीं रोक पा रहा हैं जो कि भावनाओं के साथ खिलवाड़ जैसा है। स्पर्श गंगा टीम ने ऋषिकुल गंगा घाट, विश्वकर्मा घाट, सर्वानंद घाट, ज्वालापुर घाट पर फैली गंदगी को एकत्र करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर अनमोल वर्मा, संदीप त्यागी, अंकित नेगी, रजनी वर्मा, रिशु वालिया, शैलेश, अजय भाई, अरूण सैनी, तन्मय शर्मा, देव, मानिक, आदि उपस्थित रहे।