जल्द ही पूरी होगी पर्यटकों की खगोलीय घटनाओं को नजदीक से देखने की लालसा

    0
    319
    खगोलीय

    यदि सब कुछ ठीक ठाक चला तो जल्द ही नैसर्गिक खूबसूरती से भरपूर पहाड़ी वादियों मे रहकर हजारों प्रकाश वर्ष दूर खगोलीय घटनाओं के दिलकश और रहस्यमयी नजारों को बेहद करीब से देखने की लालसा पूरी होगी। चमोली जिला प्रशासन ने कर्णप्रयाग ब्लाक में स्थित खूबसूरत स्थल बेनीताल को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी है। समुद्र तल से लगभग 2600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बेनीताल में दूरबीनें लगने के बाद रात को आकाश में तारों और ग्रहों को आसानी से देखा और पहचाना जा सकेगा।

    बेनीताल में पर्यटन विभाग के माध्यम से खगोलीय घटनाओं को करीब से देखने के लिए बड़ी दूरबीनें लगाई जाएंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां पर बेनिकाॅटेज, पाथवे, टैंट प्लेटफार्म, नाइट विजन डाॅम, रेस्टोरेंट, रिसेप्शन व टूरिस्ट वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। इस स्थल को एस्ट्रो विलेज बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने गढ़वाल मंडल विकास निगम को जिम्मेदारी सौंपते हुए पांच करोड़ की डीपीआर शासन को भेज दी है। साथ ही यहां पर वन भूमि हस्तांतरण हेतु प्राथमिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।

    जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने एस्ट्रो विलेज के लिए प्रस्तावित कार्यों और बेनीताल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने को लेकर गुरुवार को बेनीताल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पर्यटन गतिविधियों को लेकर तत्कालिक रूप से यहां पर जो कार्य किए जा सकते हैं उनको जल्द शुरू किया जाए। सिमली से बेनीताल मोटर मार्ग को दुरुस्त करने के साथ मार्ग पर साइनेज लगवाए जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस खूबसूरत स्थल तक पहुंच सके।

    डीएम ने जिलासू रिवर फ्रंट डेवलपमेंट का किया निरीक्षण

    जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने जिलासू में रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, ग्लाश ब्रिज, पार्क एवं पाथवे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलासू में संचालित बखाली होमस्टे का निरीक्षण करते हुए यहां पर आने वाले पर्यटकों की जानकारी ली। जिलासू में मां चण्डिका आजीविका स्वायत्तता सहकारिता का निरीक्षण के दौरान यहां पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रान्डिंग एवं विपणन कार्यों के बारे में जानकारी ली।

    जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जरूरी प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने को कहा। ताकि समूह से जुड़ी महिलाओं को इसका फायदा मिल सके। आयुर्वेद विलेज लंगासू में पंचकर्म एवं योग केन्द्र के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को यहां पर अधिक से अधिक लोगो तक इसका लाभ पहुंचाने हेतु निर्देशित किया।