चारधाम सहित ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी

0
760
देहारादून, भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार सुबह चारधाम सहित ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी हुई, निचले क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। देहरादून में सुबह करीब 10:00 बजे तक वर्षा हुई उसके बाद बारिश थम गई थी, लेकिन एक बजे के बाद फिर से बारिश का क्रम शुरू हो गया। कड़ाके की ठंड पड़ रही है।  ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
पहाड़ों की रानी मसूरी में भी मौसम बदला है। तापमान में गिरावट आने से अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं, ठंड बढ़ने से अब बर्फबारी होने की संभावना भी बढ़ गई है। उत्तरकाशी जिले में हनुमानचट्टी के पास एनएच 94, चम्पावत जिले में सौन के पास एनएच 09 और पिथौरागढ़ जिले में एनएच 09 दिल्ली बैंड के पास यातायात के लिए अवरुद्ध है। जिसे खोले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र के अनुसार पौड़ी जिले में बर्फबारी के साथ वर्षा हो रही है। उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 94 हनुमानचट्टी व फूलचट्टी के पास यातायात के लिए बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है। जिसे खोले जाने का कार्य किया जा रहा है यहां यमुनोत्री, धरासू, हरसिल, हनुमानचट्टी, फूलचट्टी, गंगोत्री, जानकीचट्टी, राणाचट्टी व अन्य ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी का क्रम जारी है। अन्य क्षेत्रों में वर्षा हो रही है।
चमोली जिले में बद्रीनाथ, औली व गैरसैण सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य स्थानों पर वर्षा हो रही है। इधर टिहरी जिले में धनोल्टी व प्रताप नगर में बर्फबारी हुई है। अन्य स्थानों में वर्षा का क्रम जारी है। हरिद्वार जिले में मौसम खराब है कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। उधम सिंह नगर जिले में और चंपावत में वर्षा हो रही है। चंपावत जिले में टनकपुर लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 09 सौग के पास यातायात के लिए अवरुद्ध है। अल्मोड़ा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी का क्रम चल रहा है। पिथौरागढ़ जिले में धारचूला मुंसियारी पहाड़ी में बर्फबारी तथा क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। यहां घाट—पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 09 दिल्ली बैंड के पास (घाट पुल से 60 मीटर पिथौरागढ़ की तरफ) 50 मीटर रोड धसने से यातायात अवरुद्ध है। जिसे सुचारू किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार को भी प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग तथा पिथौरागढ़ जिले में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने बताया कि ढाई हजार तथा अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की अधिक संभावना है। शनिवार को कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति होने की संभावना है। इसके लिए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।