दून में फरवरी से दौड़ेंगी स्मार्ट बसें

0
450
उत्तराखंड का परिवहन विभाग स्मार्ट होने जा रहा है। यही कारण है कि राजधानी दून की सड़कों पर फरवरी 2020 से स्मार्ट बसें दौड़ेंगी। परिवहन निगम 130 नई स्मार्ट बसें खरीदने जा रहा है जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी।
भले ही उत्तराखण्ड राज्य को बने दो दशक होने जा रहे हों लेकिन सूबे की राजधानी में सिटी परिवहन की अब तक कोई समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। निजी नगर बसों का संचालन अनियमित होने के कारण लोगों को विक्रम और आटो पर ही निर्भर रहना पड़ता है लेकिन अब सरकार 130 नई आधुनिक सुविधाओं से लैस बसें लाकर इस समस्या का समाधान शीघ्र करने जा रही है।
जानकारी के अनुसार इन बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन की व्यवस्था होगी। इससे आपात स्थिति में उन्हे तुरन्त सहायता मिल सकेगी। सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे भी लगे होंगे। इससे पब्लिक ट्रासंपोर्ट में महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और यात्रियोें की सुरक्षा एवं पहचान हो सकेगी।
यह बसें जीपीएस और वाईफाई की सुविधा से भी लैस होगी। इन बसों का संचालन हवाई अड्डे से लेकर अन्य सभी प्रमुख स्थलों तक होगा जिससे यात्रियों को अनेक कठिनाइयों से निजात मिल सकेगी। अभी दून में रात्री के समय कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं है इन बसों के संचालन से कई समस्याओं का समाधान हो सकेगा। नाम बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि इस संदर्भ में विशेष प्रयास जारी है।