उत्तराखंड में छह और मिले कोरोना पॉजिटिव, 16 पहुंची मरीजों की संख्या

0
423
कोरोना

उत्तराखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 6 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। छह संक्रमितों में से पांच देहरादून और एक का संबंध उधमसिंह नगर (बाजपुर) से है। इससे पहले गुरुवार को राज्य में तीन लोग इस संक्रामक बीमारी के शिकार हुए थे। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग के अनुसार से 16 में से दो लोग इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को कुल 92 सैंपल नेगेटिव आए। अभी तक राज्य में 825 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए हैं, जिसमें से 671 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 138 के रिजल्ट आने अभी बाकी हैं। राज्य में अभी तक कुल 8557 लोगों को क्वारंमटाइन किया गया है। इसमें 296 तबलीगी जमात से जुड़े लोग भी शामिल हैं।

राज्य में सबसे अधिक मामले राजधानी देहरादून से रिपोर्ट हुए हैं। यहां पर संक्रमितों की संख्या कुल 11 है। वहीं 4 मामले उधमसिंह नगर और एक पौड़ी से है।

दो दिन में 477 नए डॉक्टरों का चयन
कोरोना महामारी से लड़ने के लिए उत्ताखंड सरकार ने डॉक्टरों की भर्ती युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। पिछले दो दिन में सरकार ने 477 नए डॉक्टरों का चयन किया है। सरकार लंबे समय से राज्य में डॉक्टरों के पदों को भरने के लिए प्रयास कर रही थी। इसके तहत 502 पदों पर डॉक्टरों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी। पहले चरण में कराए गए साक्षात्कार के आधार पर कुल 201 डॉक्टरों का चयन किया गया था। लेकिन अस्पतालों में और डॉक्टरों की जरूरत को देखते हुए वेटिंग के आधार पर 276 नए डॉक्टरों का चयन किया गया है।