कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का निधन

0
514

नई दिल्ली,  कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला का सोमवार सुबह 88 वर्ष की आयु में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले तीन दिन से एम्स में भर्ती  थे ।

शमशेर सिंह सुरजेवाला हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष थे। सितम्बर 957 में लॉ प्रैक्टिस शुरू करने वाले शमशेर सिंह सुरजेवाला संयुक्त पंजाब में संगरुर जिले के को-ऑपरेटिव बैंक में एमडी बने और फिर राजनीति में आए थे। शमशेर सिंह वर्ष 1961 में कैथल के कलायत में पंचायत समिति के चेयरमैन बनें। 1964 में वे दोबारा इसी समिति के चेयरमैन बने। शमशेर सिंह सुरजेवाला 1967, 1977, 1982, 1991 और 2005 में हरियाणा विधान सभा के लिए और 1993 में भारतीय संसद के लिए चुने गए एक अनुभवी सांसद थें।

शमशेर सिंह हरियाणा बनने बाद वर्ष 1967 में हुए पहले चुनाव में पहली बार विधायक बने। जींद के नरवाना को उन्होंने अपना कार्यक्षेत्र बनाया। वहीं से वर्ष 2005 तक उन्होंने लगातार राजनीति की। 1977 में जब जनता पार्टी की लहर थी, उस समय कांग्रेस पार्टी के टिकट पर शमशेर सिंह विधानसभा पहुंचे।

इसके बाद 1982 में, 1991 में भी वे विधायक बने। शमशेर सिंह चार बार हरियाणा सरकार में मंत्री भी रहे। वर्ष 1993 से 1998 तक वे राज्यसभा के सदस्य रहे। वर्ष 2005 में उन्होंने अपना चुनाव क्षेत्र बदला। उन्होंने कैथल विधानसभा से चुनाव लड़ा और विजयी हुए। वर्ष 2009 तक कैथल से विधायक रहे।