नैनीताल में मौसम और साल की पहली बर्फबारी

0
565
नैनीताल
आखिरकार कुदरत प्रकृति के स्वर्ग कही जाने वाली सरोवर नगरी एवं आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों पर मेहरबान हो गई । प्रकृति ने सर्दी के मौसम के आखिरी चरण में ही सही, अपनी सबसे खूबसूरत नेमत कहीं जाने वाली बर्फबारी का तोहफा यहां के पहाड़ों को दिया।
नगर में गुरुवार रात हल्का हिमपात हुआ। शुक्रवार को भी हिमपात हो रहा है। इससे नगर में बर्फ की परत जम गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।  नगर में बेहद दिलकश नजारे नजर आए हैं।
इससे पहले रात्रि में नगर के ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। शुक्रवार सुबह नगर एवं आसपास के ऊंचे पहाड़ों पर चांदी की हल्की चादर सी बिछी नजर आई। बर्फबारी अधिक नहीं हुई है, इसलिए मौसम की अधिक दुश्वारियां अभी नहीं हो रही हैं। अलबत्ता नगर में तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। नगर के अलावा मुक्तेश्वर, पहाड़पानी, धानाचूली व मनाघेर आदि क्षेत्रों में भी मध्यम बर्फबारी हुई है।
वहीं, चमोली जिले में दो दिनों तक हुई बारिश और बर्फबारी के बाद शुक्रवार को मौसम साफ हो गया है। इससे जहां स्थानीय लोगों को ठंड से राहत मिल गई है। जिले के पर्यटक स्थल गुलजार हो गए हैं। हिम क्रिड़ा स्थली औली के दीदार को 300 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।
बर्फ
जिले में बुधवार और गुरुवार को बदरीनाथ धाम, औली सहित जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। शुक्रवार को जिले में धूप खिली रही। जिले के निचले हिस्सों के लोगों ने दो दिन बाद  ठंड से राहत महसूस की। औली, गोरसों, भेकलताल पर्यटकों से गुलजार हैं।  औली में पूरे दिन बाहरी राज्यों से आये पर्यटकों ने प्राकृतिक नजारों के साथ  स्कीइंग का आनंद लिया। दिल्ली से औली पहुंचीं आरुषी और अनुष्का ने कहा कि उन्होंने पहली बार औली में बर्फ से लकदक पहाड़ देखे हैं। यह उनके लिये नया अनुभव है। यह शीतकाल का बेहतरीन डेस्टीनेशन है।
जीएमवीएन के रोपवे प्रबंधक दिनेश मलासी ने कहा कि बर्फबारी के बाद औली आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो गया है। अपने वाहनों के साथ पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि रास्ते में बर्फ जमा होने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।