मसूरी में साल का पहला हिमपात, दून में हुई बारिश

0
552
राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। दून में शनिवार को हल्की बारिश हुई। मसूरी में साल का पहला हिमपात हुआ है। मसूरी के लाल टिब्बा में सुबह करीब साढ़े दस बजे से बर्फबारी हुई। बर्फ दो से तीन इंच तक जम गई। तापमान में भारी गिरावट आई हैं।
शनिवार सुबह दून और मसूरी में मौसम की अठखेलियां देखी गई। मसूरी में बर्फबारी हुई तो दून में सुबह के वक्त अच्छी धूप खिली रही। लेकिन दोपहर बाद दून का भी मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। जिससे ठंड में एक बार फिर से इजाफा हो गया है। लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। बर्फबारी के दौरान मसूरी में पर्यटक खूब मजे करते दिखे। मसूरी शहर में ओलावृष्टि के साथ तापमान में गिरावट आई है। मसूरी और आसपास के क्षेत्र में वीकेंड के चलते आए पर्यटक बर्फबारी का जमकर मजा ले रहे हैं।
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को मौसम शुष्क रहेगा। छह और सात जनवरी को राज्य में कहीं-कहीं विशेषकर देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, पौड़ी तथा नैनीताल जिले में ओलावृष्टि की संभावना है। जबकि आठ जनवरी को विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में शीत दिवस होने के आसार हैं।