सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में स्काउट्स निभाए भूमिका : राज्यपाल

0
479
देहरादून,  प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उत्तराखण्ड में स्काउट्स एवं गाइड्स की समाज सेवा के कार्यों के साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में जागरुकता फैलाने पर जोर दिया।
राजभवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रमाण-पत्र वितरित करने के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मौर्य ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय लोगों को राहत और बचाव में मदद करने एवं प्रभावित लोगों की सहायता करने में स्काउट एवं गाइड की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
छात्र-छात्राओं को स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों में नियमित रूप से भाग लेना चाहिए। स्काउट एवं गाइड से जुड़ने पर बच्चों में सामाजिक दायित्व की भावना आती है और उनके व्यक्तित्व का संर्वागीण विकास होता है, वे आपात काल में अधिक अनुशासित और साहसी बनते हैं। नियमों और अनुशासन में रहते हुए युवा सचरित्र, आत्मविश्वास, प्रेम सौहार्द से भरपूर व्यक्तित्व का विकास करते हैं।
प्रधानमंत्री और उप राष्ट्रपति शील्ड व प्रमाण-पत्र हुए वितरित 
प्रदेेश के सभी जनपदों से आये प्रतिनिधियों को यह प्रमाण-पत्र दिए गए। चमोली, देहरादून, पौड़ी और उधमसिंह नगर को प्रधानमंत्री और उप राष्ट्रपति शील्ड व प्रमाण-पत्र वितरित दिया गया।
चालीस हजार पंजीकृत स्काउट्स ले रहे प्रशिक्षण 
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रदेश मुख्य आयुक्त सीमा जौनसारी ने बताया कि प्रदेश के 40 हजार पंजीकृत स्काउट्स एवं गाइड विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।