फिल्म इंडस्ट्री रोटी तो देती है, रेप करके छोड़ तो नहीं देतीः सरोज खान

0
773

नई दिल्ली,  बॉलीवुड की मशहूर नृत्य निर्देशक (कोरियोग्राफर) सरोज खान ने सिने जगत में महिला कलाकारों के यौन शोषण (कास्टिंग काउच) पर अपने विवादास्पद बयान से लोगों को हैरानी में डाल दिया है ।

पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यौन शोषण केवल फिल्म उद्योग में ही नहीं है बल्कि समाज के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसा होता है। उन्होंने कहा, ”लोग फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े हैं? वह कम से कम रोटी तो देती है, रेप करके छोड़ तो नहीं देती।’

सरोज खान ने कास्टिंग काउच के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि ये बाबा आदम के जमाने से चला आ रहा है। लड़की के ऊपर कोई न कोई हाथ साफ करने की कोशिश करता है। सरकार (राजनीति) में भी लोग भी ऐसा करते हैं। लोग सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े हैं?

उन्होंने कहा कि, ‘ये लड़की के ऊपर होता है वो क्या करना चाहती है। लड़की अगर कास्टिंग काउच का शिकार नहीं होना चाहती तो ऐसा नहीं होगा। लड़की के पास अगर हुनर है तो वह किसी के सामने क्यों झुकेगी। फिल्म इंडस्ट्री को कुछ मत कहिए ,वह हमारा माई-बाप है।’

बॉलीवुड में कपूर खानदान के सदस्य रणबीर कपूर से जब कास्टिंग काउच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “ऐसा होना बहुत गलत है, उनके साथ ऐसा कभी नहीं हुआ”। मीडिया से मुखातिब रणबीर के साथ उस समय फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और निर्देशक राजकुमार हिरानी भी थे जो यह सवाल पूछे जाने के समय हंस रहे थे। इस गभीर मुद्दे पर उनकी हंसी की भी मीडिया में तीखी अलोचना हो रही है।

सोशल मीडिया पर यह सवाल उठाया जा रहा है कि कठुआ रेप कांड के बाद फिल्म अभिनेत्रियों ने पोस्टर के जरिए अपना विरोध व्यक्त किया था, लेकिन कास्टिंग काउच के मामले पर बॉलीवुड मौन है। इतना ही नहीं इसे जायज ठहराने की कोशिश की जा रही है।

सरोज खान के विवादास्पद बयान के बाद सिने जगत से विरोध का एक स्वर उभरा है। तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच के खिलाफ टॉपलेस होकर प्रदर्शन करने वाली एक्ट्रेस श्री रेड्डी ने कहा कि ‘सरोज मैम को लेकर मेरे मन में जो सम्मान था, वो अब खत्म हो गया है। एक सीनियर होने के नाते आपको युवा अभिनेत्रियों के लिए सही रास्ता दिखाना चाहिए। इस तरह का बयान गलत संकेत दे रहा है।’