शराबियों ने केदारनाथ विधायक पर फेंका पेट्रोल 

0
528
रुद्रप्रयाग,  जिले की केदारनाथ विधानसभा के विधायक मनोज रावत पर एक व्यक्ति द्वारा जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। विधायक के गनर और ग्रामीणों ने विधायक को बचाया, अन्यथा बडी घटना हो सकती थी।
शुक्रवार को केदारनाथ विधानसभा के विधायक मनोज रावत क्षेत्र भ्रमण पर जा रहे थे। उन्होंने इंटर कॉलेज बाड़व का औचक निरीक्षण करना था। इस बीच क्यूंजा घाटी के कांदी में विधायक मनोज रावत पर शराब के नशे में चूर जीतपाल राणा  और उसके दो अन्य साथियों ने जानलेवा हमला किया। हद तो तब हो गई जब आरोपितों द्वारा विद्यायक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। गनीमत रही की विधायक के गनर और ग्रामीणों ने बीच बचाव किया।
बताया जा रहा है कि आरोपित का पूरे क्षेत्र में आतंक है। दारू पीकर आरोपित द्वारा अक्सर किसी न किसी से मारपीट और झगड़े करने के मामले आते रहते हैं, पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।
पुलिस उपाधीक्षक गणेश लाल कोहली ने बताया कि विधायक मनोज रावत की शिकायत पर आरोपित की तलाश  के लिए पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। आरोपितो  के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट ने कहा कि कुछ शरारती तत्व विधायक मनोज रावत की लोकप्रियता से बौंखलाए हुए हैं। शराब और खनन माफियाओं ने  केदारघाटी में आतंक मचाया हुआ है। इनके इशारे पर ही गांव में शरारती तत्व शराब पीकर आतंक मचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। 
देहरादून, उत्तराखण्ड कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केदारनाथ विधायक मनोज रावत पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। कहा कि भयमुक्त सरकार की बात करने वाली बीजेपी सरकार में अपराधियों का हौंसाल चरम है।
अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने एक जारी बयान में कहा कि केदारनाथ विधायक मनोज रावत पर हुए जानलेवा हमले तथा पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश को राज्य की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था का जीता-जागता उदाहरण है। कहा कि भाजपा शासन में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं। बिगड़ती कानून व्यवस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब एक विधायक पर सरेआम जानलेवा हमला हो रहा है तो आम जनता कहां से सुरक्षित है।