पहली ही वर्षा में नदियां-नाले उफान पर 

0
472
देहरादून, भारी वर्षा से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहली ही बरसात में नदी नाले उफान पर है। राजधानी दून सहित आसपास के सभी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जन जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदियों और नालों में आये उफान के कारण दर्जनों बस्तियों में भारी जल भराव हुआ है तथा घरों में पानी घुसने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गयी है। बारिश के चलते जल भराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए विधायक  हरबंस कपूर ने भी बिन्दाल क्षेत्र का दौरा किया।
राजधानी दून में विभिन्न स्थानों पर हो रही मूसला धार बारिश के कारण नदी नाले उफान पर आ गये। जिसमें डालनवाला, नेहरूकालोनी क्षेत्र में रिस्पना रायपुर में तपोवन नदी तथा प्रेमनगर में आसन नदी का जल स्तर बढ़ गया। सभी क्षेत्रों में पुलिस बल तथा आपदा प्रबन्धन टीमों के द्वारा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सचेत रहने को कहा गया। जलभराव के कारण सुमननगर सहित कई क्षेत्रों की बस्तियों में घरों में पानी भर जाने की भी खबरें सामने आयी है।
दून में शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें नदियां और नदियां समुद्र बन गयी। सुबह आठ  बजे से ग्यारह बजे तक फिर उसके बाद बारह बजे से शुरू हुई बारिश के कारण शहर में जन जीवन पूरी तरह से थम कर रह गया। स्थिति की गम्भीरता को भांप कर प्रशासन भी अलर्ट पर रहा। नदी किनारे बसी बस्तियों में खतरे की आंशका के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने पर मजबूर होना पड़ा।