सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर का मुंबई में निधन, देशभर में शोक की लहर

0
707
बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार सुबह मुंबई के रिलायंस अस्पताल में निधन हो गया है। वे 67 वर्ष के थे। इसकी जानकारी फिल्मस्टार अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दी। अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में लिखा कि ऋषि कपूर अचानक चला गया, मैं टूट गया हूं। इसकी पुष्टि उनके भाई और अभिनेता रणधीर कपूर ने की।
ऋषि कपूर के निधन से फिल्म एवं राजनीति जगत में शोक की लहर है। हर ओर ऋषि कपूर के अचानक विदा होने पर आश्चर्य जताया जा रहा है।
ऋषि कपूर कैंसर से पीड़ित थे। वह न्यूयार्क में कैंसर का इलाज कराने गए थे। सितंबर में ही वह कैंसर का इलाज कराकर भारत लौटे थे। बुधवार को उन्हें सास में तकलीफ होने पर सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उनके भाई रणधीर कपूर उनके साथ थे। गुरुवार सुबह अचानक उनकी मौत हो गई। ऋषि कपूर के निधन की खबर से पूरा फिल्म जगत सन्न हो गया है।
ऋषि कपूर ने राज कपूर के ‘मेरा नाम जोकर’ में बाल कलाकार की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के लिए उन्हें अवार्ड भी मिला था। इसके बाद फिल्म बॉबी से उन्होंने चाकलेटी हीरो की भूमिका निभाई थी। बॉबी की सफलता के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिर एक के बाद एक हिट देते गए। इसमें प्रेमरोग, चांदनी, कुली, हनीमून, दीवाना, दामिनी, हीना जैसी फिल्में प्रमुख हैं। ऋषि कपूर ने लगातार तीन दशक तक फिल्म जगत पर राज किया।