क्यों जन्मदिन पर ऋषि कपूर रेस्टोरेंट पर भड़के?

0
556
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने न्यूयॉर्क में हाल ही में अपना 67वां जन्मदिन मनाया है। जन्मदिन के मौके पर ऋषि पत्नी नीतू कपूर के साथ रेस्टोरेंट डेनियल बोउल्ड्स में डिनर के लिए गए। डिनर के बाद ऋषि कपूर ने रेस्टोरेंट के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
ऋषि कपूर ने ट्विटर पर रेस्टोरेंट की एक फोटो शेयर की। उसके कैप्शन में ऋषि ने लिखा- ‘नीतू के साथ पार्क और मैड के बीच 65वीं स्ट्रीट पर मौजूद डेनियल बोउल्ड्स फ्लैगशिप रेस्टोरेंट में जन्मदिन का डिनर निराशाजनक रहा। अत्यधिक महंगा, ऊंचे दाम और घमंडी, मैं यहां किसी को जाने की सलाह नहीं दूंगा।
ऋषि कपूर खाने के बहुत शौकीन हैं। जुलाई माह में ऋषि पत्नी नीतू के साथ न्यूयॉर्क में अनुपम खेर के अपार्टमेंट में लंच किया था। ऋषि ने ट्वीट किया था कि घर से दूर होने के कारण बहुत दिनों के बाद घर के खाने का स्वाद आया। ऋषि कपूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। ऋषि ने पांच सितम्बर को ट्वीट किया-यो खेर साहब! अगली बार घर पर दोपहर का भोजन न करें और हमारे साथ दोपहर के भोजन के लिए आएं। वैसे भी आने के लिए धन्यवाद। हम आपको हटांग,न्यूयॉर्क में पाकर प्रसन्न थे। कुछ दिन पहले ऋषि कपूर ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर लिखा था कि मैं जिस सैलून में बाल कटवाने गया था, वहां उनकी फिल्म का गाना ‘मैं शायर तो नहीं’ बज रहा था। एक रसियन मुझे देखते ही पहचान गया और उसने अपने नोट बुक से ये गाना बजा दिया। ऋषि कपूर पिछले साल 29 सितम्बर को कैंसर के इलाज के लिए न्यूयॉर्क गए थे। अब वह कैंसर मुक्त हो चुके हैं और जल्द ही भारत लौटने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर,1952 को मुंबई में हुआ था। ऋषि कपूर फिल्म निर्देशक और अभिनेता राजकपूर के बेटे हैं। ऋषि ने साल 1970 में आई फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में बतौर बाल कलाकार बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया। इस फिल्म में उन्होंने राज कपूर के बचपन का किरदार निभाया था। इसके बाद 1973 में आई फिल्म ‘बॉबी’ से ऋषि ने बतौर एक्टर अपने अभिनय की शुरुआत की। इस फिल्म में डिम्पल कपाड़िया उनके अपोजिट थी। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद ऋषि फिल्म ‘जहरीला इंसान’ में नीतू सिंह के साथ नजर आए थे। दोनों की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई। इस फिल्म के बाद दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। 1980 में ऋषि कपूर और नीतू सिंह ने शादी कर ली। दोनों के दो बच्‍चे रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर हैं। रणबीर कपूर बॉलीवुड एक्टर हैं। रणबीर ने फिल्म ‘सांवरिया’ से बतौर अभिनेता अपने अभिनय की शुरुआत की थी।