कांवड़ यात्रा : लक्ष्मण झूला पुल के विकल्प के रूप में रामझूला

0
395
देहरादून,  मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने  कांवड़ यात्रा के शुभारम्भ के अवसर पर यात्रा में शामिल होने वाले सभी यात्रियों का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए उनकी सफल यात्रा की मंगलकामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “कांवड़ यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला पुल के विकल्प के रूप में रामझूला, आईडीपीएल पुल और मोहन चट्टी का डबल लेन पुल का उपयोग कांवड यात्री करेंगे। प्रदेश में चारधाम मार्ग भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है।”
मुख्य सड़कों के बन्द होने की दशा में उसके तुरन्त मरम्मत के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांवड़ यात्रा के साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले  तीर्थयात्रियों की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
रावत का कहना है कि, “राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। यात्रा मार्गों की मरम्मत के साथ ही मार्गों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया गया है। पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विकास किया गया है। कांवड़ियों को प्रदेश में कोई कठिनाई न हो और उन्हें सभी आवश्यक सुविधायें उपलब्ध हो इसके निर्देश भी सभी सम्बन्धित अधिकारियों को दिए गए हैं।”