देहरादून सहित राज्यभर में बारिश और दुश्वारी जारी

0
489

देहरादून,  देहरादून सहित प्रदेशभर में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा जिससे प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और पर सड़कों पर मलबा आने से यातायात पर बुरा असर पड़ रहा है। सड़क मार्ग खोलने के लिए जिला प्रशासन और बीआरओ को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर, मौसम विभाग की मानें तो बारिश से इस सप्ताह राहत नहीं मिलने वाली।

प्रदेश के गढ़वाल और कुमाउं दोनों मंडलों में गुरूवार से रुक रुककर हो रही बारिश शुक्रवार को सुबह तक जारी है। पहाड़ और मैदानी इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बदरीनाथ और केदारनाथ में बीती रात से बारिश हो रही है। चारधाम यात्रा मार्गों के भूस्‍खलन से खुलने और बंद होने का सिलसिला जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। शुक्रवार को राजधानी देहरादून का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस फारेनहाईट तथा नमी 95 प्रतिशत और हवा 06 किलोमीटर की गति से चल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम के तेवरों में कोई बदलाव नहीं आने वाला है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। कुमाऊं मंडल के अल्‍मोड़ा, नैनीताल, बागेश्‍वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में रुक रुककर बारिश हो रही है।

उधर, ऋषिकेश,हरिद्वार में बारिश से गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर स्तर सुबह छह से आठ बजे तक गिरा लेकिन नौ बजते ही खतरे के निशान को छू गया। केंद्रीय जल आयोग के विनोद पाल ने बताया कि गंगा के जलस्तरों में गुरूवार से हुई बढ़ोतरी शुक्रवार को भी जारी है।