कहीं बारिश के कडाके की ठंड तो कहीं बर्फबारी

0
588
नैनीताल, सरोवर नगरी में गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाने व उसके बाद नैनीताल सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षा होने के बाद यहां कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा तो यहां अगले 24 घंटों के भीतर नैनीताल की चोटियों में बर्फबारी हो सकती है। वर्षा के दौरान यहां सडक़ों व बाजारों में सुनसानी छाई रही। इसके बाद रुक-रुक कर वर्षा होती रही। दूसरी ओर आसमान में बादल छाये रहने से कड़ाके की ठंड का असर बना रहा। इस दौरान ठंडी हवाओं का भी प्रकोप रहा।
ठंड के कारण नैनीताल पहुंचे अधिकांश सैलानी होटलों में ही दुबके पड़े रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि अधिकतम तापमान 10 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह की मानें तो नैनी झील का जलस्तर भी लगातार हर रोज कभी आधा तो कभी एक इंच घट रहा है जलस्तर 8.10 फीट पर स्थिर रहा।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में कहीं हल्की व कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है। ऊंचाई वाले हिस्सों में हिमपात भी हो सकता है। इधर लम्बे समय बाद वर्षा होने से काश्तकारों ने राहत की सांस ली है। यह वर्षा रबी की फसल के लिए लाभकारी मानी जा रही है। इधर जिले के मुक्तेश्वर में पूर्वान्ह से बर्फबारी शुरू हो गयी।
यहां समाचार लिखे जाने तक लगातार बर्फबारी हो रही थी। बर्फबारी की वजह से मुक्तेश्वर में तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है, यहां का आज का न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस रहा है जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। इधर हल्द्वानी में आज सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई है। यहां पर आने वाले 24 घंटों के दौरान बारिश का अनुमान है। फिलहाल हल्द्वानी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
वहीं मुक्तेश्वर में बर्फबारी होने की वजह से पर्यटकों के चेहरे पर रौनक आ गयी है। हल्द्वानी से ही काफी लोग वहां बर्फबारी का आनंद लेने के लिये रवाना हो चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम के पूरी तरह से साफ होने का अनुमान है।