फिर बदलेगा मौसम, सात जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना

0
504
Pic Courtesy: Arun Dabral
देहरादून,  सूबे के मौसम में एक बार फिर से परिवर्तन के आसार हैं।  मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के सात जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट के साथ ठंड में ​बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह से मौसम साफ है और धूप खिली हुई है।
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 11 दिसम्बर से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। इस दौरान प्रदेश में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग तथा पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 12 और 13 दिसम्बर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश गरज चमक के साथ हो सकती है। 2000 मीटर तथा इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और टिहरी जिले में भारी बर्फबारी के आसार हैं। बारिश और बर्फबारी के चलते से ठंड में और इजाफा हो सकता है।