उत्तराखंड में बेमौसमी बारिश और बर्फबारी से ठंड लौटी

0
469
उत्तराखंड
उत्तराखंड में तीन दिनों से हो रही बेमौसमी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर चट्टानें खिसकने और पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने से यातायात भी बाधित हुआ है। मैदानी इलाकों में आज सुबह से जारी बारिश लोगों की परेशानी का सबब बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को मौसम इसी तरह बना रहेगा।
देहरादून और आसपास के इलाकों में कल दिनभर बारिश होने के बाद आज सुबह मौसम एकदम साफ था। चमकदार धूप निकली लेकिन 10 बजते-बजते अचानक बादल उमड़े और बारिश शुरू हो गई। ऋषिकेश में ओलावृष्टि भी हुई। चम्पावत में आज सुबह से ही गरज और चमक के साथ बारिश हो रही है। ठंड बढ़ने से आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। चमोली जिले में भी शनिवार सुबह से ही लगातार बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है। नैनीताल में बीती रात बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में कल सुबह 8.30 बजे से शाम 8.30 बजे तक 17.9 मिमी बारिश रिकार्ड हुई। आज यहां का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। रविवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है। टिहरी में 13.6 मिमी और पिथौरागढ़ में 3.3 मिमी बारिश रिकार्ड हुई है।
उत्तरकाशी में धरासू पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग गंगोत्री पर बीती रात बारिश के दौरान पहाड़ी का मलबा गिरने से रोड बंद हो गया। मलबा गिरने से एक वाहन संख्या यूके 17 सीए 1501 (यूटीलिटी वाहन) मलबे में में दब गया। हालांकि समय रहते हुए वाहन चालक व एक अन्य व्यक्ति वाहन से बाहर निकल गए और वो सही सलामत बच गए। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित आगे पहुंचाया। उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह जनपद के सभी तहसील क्षेत्रो में बादल छाये हुए हैं। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी-सुक्की टॉप से आगे गंगोत्री तक बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध है, जिसे खोलने हेतु बीआरओ द्वारा कार्य किया जा रहा है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात हेतु सुचारू है। सुवाखोली-देहरादून मार्ग यातायात के लिए सुचारु है। उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग यातायात हेतु सुचारु है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शनिवार और रविवार को आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। राज्य के अनेक हिस्सों में सामान्य से लेकर भारी वर्षा और गरज चमक के साथ वर्षा और बर्फबारी होने का अनुमान है। ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि 16 मार्च से मौसम साफ होने का अनुमान है।