वाहनों की हड़ताल पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

    0
    188
    हड़ताल

    हिट एंड रन एक्ट को लेकर वाहन चालकों की मंगलवार को दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। हड़ताल के कारण आज भी लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। सड़कों पर वाहनों की हड़ताल के कारण यातायात काफी कम नजर आया।

    वाहन चालकों की हड़ताल के कारण आज अनेक पेट्रोल पंपों पर डीजल, पेट्रोल लेने वालों की लंबी कतारें दिखाई दी। लोगों ने इस आशंका में अपने वाहनों में डीजल-पेट्रोल डलवाना शुरू कर दिए ताकि हड़ताल लंबी खिंचने पर उन्हें कोई परेशानी न हो। हालांकि हड़ताल 3 जनवरी तक के लिए ही काल की गई है।

    उधर जिलापूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि लोगों को चिंता की आवश्यकता नहीं है। जिले में डीजल, पेट्रोल और गैस का पर्याप्त भंडार है। लगभग 60 फीसदी आपूर्ति सुचारू है। केवल निजी ट्रांसपोर्ट से संबंधित कुछ पेट्रोल पंप पर समस्या है। जिसके निदान के लिए पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के साथ आज बैठक कर समाधान निकाल लिया जाएगा।

    गढ़वाल विक्रम टेंपो वेलफेयर एसोसिएशन ने किया हड़ताल का समर्थन

    ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की हड़ताल के आह्वान का गढ़वाल विक्रम टेंपो वेलफेयर एसोसिएशन ने समर्थन करते हुए मंगलवार को अपने सभी ऑटो विक्रम और ई-रिक्शा को सड़कों से हटा दिया। इस वजह से ऋषिकेश आने वाले यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।

    उल्लेखनीय कि केंद्र सरकार की ओर से मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन किए जाने के बाद इस एक्ट में किसी प्रकार की सड़क दुर्घटना में बस चालक को 10 साल तक की सजा और 5 लाख रुपए के जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। इसके खिलाफ बस, ट्रक, टैक्सी चालकों के साथ अब ऑटो विक्रम और ई रिक्शा चालकों भी हड़ताल में शामिल हो रहे हैं।

    टीजीएमओसी लिमिटेड के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो मोटर व्हीकल एक्ट लाया जा रहा है, इसका विरोध किया जाएगा। इस हड़ताल में पहले स्थानीय ट्रांसपोर्ट को विश्वास में लिया जाएगा, जल्द रोडवेज और अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनियों के साथ मिलकर यह हड़ताल की गई तो उसका असर पूरे राज्य में दिखाई देगा।यह हड़ताल ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के समर्थन में की गई है।