स्टिंग सही है तो जांच कराए सरकार: प्रीतम सिंह

0
583
कांग्रेस

देहरादून, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में रसूखदार नेताओं और नौकरशाहों के कथित स्टिंग पर भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि स्टिंग गलत है तो फिर सरकार जांच से क्यों डर रही है?

प्रीतम सिंह ने भाजपा के पोलखोल अभियान शुरू करने को खुद के बचाव का सियासी स्टंट बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा सत्र के दौरान विधान सभा अध्यक्ष को पेन ड्राइव में करीब 20 फीसदी प्रमाण सौंपे हैं। यदि सरकार वास्तव में ईमानदार होती तो उसी वक्त जांच शुरू करा देनी चाहिए थी। स्टिंग के पीछे भाजपा साजिश बताकर भ्रम में डाल रही है। इसलिए कांग्रेस फिर से इसकी जांच की मांग करती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्टिंगकर्ता को साजिशकर्ता बताए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत का स्टिंग भी इसी व्यक्ति ने किया था। तब भाजपा ने स्टिंग को भ्रष्टाचार का प्रमाण बताते हुए खूब प्रचार किया था। अब खुद का स्टिंग हो गया है तो स्टिंगकर्ता कैसे साजिशकर्ता हो गया। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जिस तरह जांच करने से बच रही है, उससे सरकार की सच्चाई का पता चलने लगा है।