नए साल पर सात आइएएस और पांच आइपीएस को पदोन्नति का तोहफा

0
302
आइएएस

प्रदेश सरकार ने नए साल पर सात आइएएस और पांच आइपीएस अधिकारियों को पदोन्नति के तोहफे से नवाजा। पांच आइएएस सुपरटाइम वेतनमान में पदोन्नति के साथ प्रभारी सचिव से सचिव बन गए हैं। वहीं आइपीएस अभिनव कुमार अपर पुलिस महानिदेशक और विम्मी सचदेवा पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नत की गई हैं।

नए साल के पहले दिन कार्मिक अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने पदोन्नति आदेश जारी कर शासन और पुलिस के अधिकारियों का हौसला बढ़ाया। 2005 बैच के आइएएस डॉ रंजीत कुमार सिन्हा, एसए मुरुगेशन, विनोद प्रसाद रतूड़ी, सुशील कुमार एवं हरि चंद्र सेमवाल को सुपरटाइम वेतनमान 37400-67000, ग्रेड वेतन 10 हजार में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद उक्त सभी अधिकारी प्रभारी सचिव से सचिव हो गए हैं। 2008 बैच के आइएएस विजय कुमार यादव और श्रीधर बाबू अद्दांकी को 8700 ग्रेड वेतन में पदोन्नति मिली है। अद्दांकी केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्हें प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई।

1996 बैच के उत्तर प्रदेश संवर्ग के आइपीएस अभिनव कुमार वर्तमान में उत्तराखंड में कार्यरत हैं। उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक के वेतन मेट्रिक्स स्तर-15 के पद पर पदोन्नति दी गई। उनकी पदोन्नति नैनीताल हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। प्रतिनियुक्ति पर जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण के पद पर नियुक्त आइपीएस विम्मी सचदेवा 2003 बैच और उत्तराखंड संवर्ग की हैं। उन्हें पुलिस महानिरीक्षक के वेतन मेट्रिक्स स्तर-14 के पद पर प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। आइपीएस निवेदिता कुकरेती, पी रेणुका देवी और बरिंदरजीत सिंह को चयन वेतनमान, वेतन मेट्रिक्स के पद पर पदोन्नत किया गया है।