प्रदेश में पालिका चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, नहीं हो सका उम्मीदवारों के नामों का फैसला

0
384
देहरादून/श्रीनगर/बाजपुर। प्रदेश के श्रीनगर और बाजपुर नगर पालिका चुनाव नामांकन के लिए मात्र दो दिन शेष रह गए हैं लेकिन अभी तक उम्मीदवारों के नामों पर प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस में संशय बना हुआ है।
लंबी मशक्कत के बाद प्रदेश शासन ने नगर पालिका चुनाव की तिथि घोषित कर दी है। 18 व 19 जून को अध्यक्ष व विभिन्न पदों के लिए नामांकन होना है लेकिन अभी तक न तो अध्यक्ष और न ही सभासद उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लग पाए हैं।
हालांकि जिस दिन से अध्यक्ष पद का आरक्षण तय हुआ है, संभावित दावेदारों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। श्रीनगर में कांग्रेस के पर्यवेक्षक बीते दिन कार्यकर्ताओं का नाम टटोल कर चले गए। यहां छह महिलाओं ने दावेदारी की है। भाजपा मेंं भी लगभग इतने ही दावेदार हैं। नामांकन में दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में दावेदारों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश के पौड़ी जिले के श्रीनगर और उधमसिंह नगर जिले बाजपुर पालिका चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र में आर्दश आचार संहिता मतगणना की समाप्ति तक प्रभावी कर दी गई है। जारी अधिसूचना में बताया गया है कि 18 व 19 जून तक सुबह 10 बजे से सायं 05 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को जमा किए जाएंगे और 20 जून को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। जबकि 21 जून को सुबह 10 बजे से 04 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की वापसी का समय है। वहीं 22 जून को 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीक आवंटन किया जाएगा। आठ जुलाई सुबह 08 बजे से सायं 05 बजे तक मतदान तथा 10 जुलाई को सुबह 08 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना की जाएगी।