त्रिवेंद्र के तीन साल पर प्रीतम का वार, कहा-बातें ज्यादा काम शून्य

0
620
प्रीतम सिंह
देहरादून,  कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने त्रिवेंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर सरकार और भाजपा द्वारा गिनाई जा रही उपलब्धियों पर तंज किया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में बातें ज्यादा की गईं और काम कम हुए। कांग्रेस सरकार के जश्न में शामिल नहीं होगी।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार की तीन साल की उपलब्धियों के खिलाफ प्रदेशभर में पत्रकार वार्ता आयोजित कर हमला बोला। इस क्रम में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता पत्रकार सम्मेलन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे। प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों के जश्न पर आरोप जड़े।
प्रीतम सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा नेताओं की डबल इंजन सरकार की मांग की याद दिलाते हुए कहा कि जनता ने विश्वास के साथ प्रचंड बहुमत दिया, लेकिन आपने उम्मीदों के विपरीत कार्य किया। ऐसे में जश्न क्यों, यह सरकार को बताना होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजारी और शिक्षा की बदहाल व्यवस्था से जनता परेशान है। भाजपा ने किसानों के लिए ऋण माफी की बात कही लेकिन उस पर अमल नही हुआ। प्रदेश के 13 किसानों ने आत्महत्या कर ली। जीएसटी और नोटबंदी से तंग आकर तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी और सरकार जश्न के बहाने नाकामियों से ध्यान हटा रही है।
प्रीतम सिंह ने सरकार की जीरो टॉलरेंस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि 100 दिन में लोकायुक्त लाने की बात करने वाली सरकार के तीन साल पूरे हो गए लेकिन भ्रष्टाचार नहीं रुका। वन आरक्षी भर्ती परीक्षा इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि चौथे तल से भ्रष्टाचार खत्म हो गया तो प्रथम और अन्य तल पर अभी भी भ्रष्टाचार का चल रहा है।
उन्होंने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल, खाने-पीने की वस्तुएं और सस्ती राशन की सरकार की बातें गले से नीचे नहीं उतर रहीं। कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक जनता की लड़ाई लड़ेगी।  उन्होंने कहा कांग्रेस कोरोना वायरस के मुद्दे पर सरकार के साथ है। कोरोना वायरस की महामारी के चलते  बजट सत्र को गैरसैंण से देहरादून में आयोजित करने का विरोध ठीक नही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साल 2019 के आंकड़ों के हवाले से कहा कि 2224 गंभीर अपराध और 545 दुष्क्रर्म सहित अन्य मामले सरकार के सुशासन को धूमिल कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रवक्ता गरीमा दसौनी आदि मौजूद रहे।