हरिद्वार में चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक

0
736
बैठक की अध्यक्षता करते गढ़वाल आयुक्त विनोद शर्मा

जनपद हरीद्वार में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने सभी अधिकारियों को कमर कसने के निर्देश दिये गये हैं। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन किया जाए। यह निर्देश गढ़वाल आयुक्त विनोद शर्मा ने कलक्ट्रेेट सभागार रोशनाबाद में अधिकारियों की निर्वाचन की बैठक लेते हुए दियेे। आयुक्त ने कहा कि “पोस्टर, बैनर, झण्डे साफ किये जाएं तथा झण्डे के साथ डण्डे भी साफ किये जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं दी जायेगी जिससे निर्वाचन प्रक्रिया बाधित होती हो। साम्प्रदायिकता व कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती से निपटा जायेगा। उन्होंने कहा कि आर.ओ. उम्मीद्वारों के साथ बैठक करें एवं सम्पर्क में रहें। उनकी समस्याओं का भी तुरन्त समाधान किया जाए।”

शर्मा ने कहा कि यह सुनिश्चित कर लें कि

  • सरकारी मशीनरी का किसी भी प्रकार दुरूपयोग न हो।
  • यह सुनिश्चिति कर लिया जाए कि समस्त सरकारी एवं सार्वजनिक स्थलों से सभी प्रकार के सरकारी विज्ञापन हटा दिये जाएं।
  • उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग की गाईडलाईन की सभी जानकारियों को राजनैतिक दलों के साथ साझा किया जाए।
  • यदि कोई निर्वाचन सम्बन्धी कोई भी जानकारी लेना चाहे तो उनकी समस्याओं का शीघ्रता से समाधान किया जाए।

डी.आई.जी पुष्पक ज्योति ने कहा कि

  • धार्मिक स्थलों पर प्रचार करना प्रतिबंधित है ।
  • मतदाता को रिश्वत देना, डराना, धमकाना, भ्रष्ट आचरण माना जायेगा। ऐसा करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
  • राजनैतिक दलों एवं प्रत्याशियों को रैली, बैठक आदि के लिए सम्बन्धित आर.ओ. से पहले अनुमति लेनी होगी।

उन्होंने कहा हमें आम जनता को विश्वास दिलाना होगा कि हम पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य कर रहे हैं। पुष्पक ज्योति ने कहा कि वाट्सस एप ग्रुप से संवाद कायम करें तथा क्या करना है और क्या नहीं करना है के सम्बन्ध में सी.डी. तैयार कर इसका उपयोग प्रशिक्षण के लिए किया जाए। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ एवं एस.एस.पी. राजीव स्वरूप ने निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डाॅ मेहरबान सिंह, बिष्ट, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डाॅ अभिषेक त्रिपाठी, एस. पी. सिटी प्रमेन्द्र डोभाल, एस. पी. ग्रामीण मणिकान्त मिश्र, समस्त आर.ओ. एवं प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।