पुलिस रेस्क्यू टीम ने टापू में फंसी महिला को बचाया

0
781

(उत्तरकाशी)। भागीरथी नदी में कपड़े धोने के लिए गई एक महिला अचानक धरासू बडेथी के पास शनिवार सुबह नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच टापू में फंस गई। सूचना मिलने के बाद धरासू पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार शनिवार प्रात: 10 बजे हिटारा गांव निवासी बूंदा देवी पत्नी इलम दास कपड़े धोने के लिये धरासू बड़ेथी घाट पर गई थी। इसी दौरान अचानक भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह बीच नदी में फंस गई। महिला नदी को पार करती लेकिन नदी ऊफान पर होने के कारण वह घबरा गई और पास में स्थित बड़े पत्थर का सहारा लेकर मदद की गुहार लगाई। महिला को बीच नदी में पत्थर के सहारे फंसे देखकर आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना थाना धरासू को दी। जिस पर थानाध्यक्ष रविन्द्र यादव पुलिस फोर्स एवं राहत दल के साथ मौके पर पंहुचे और नदी के बीच में फंसी महिला को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशकत करने के बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला को नदी से सुरक्षित निकालने में कांस्टेबल गुलशन नेगी का सराहनीय सहयोग रहा है। जिन्होंने अपनी जान की प्रवाह किये बिना नदी में कूदकर महिला को रस्सी के सहारे बाहर निकाला।