ओडिशा में फानी का कहर, हालात का जायजा लेने जाएंगे प्रधानमंत्री

0
1005
Cyclone, fani, Orissa,Puri
Cyclone fani, Orissa

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान फानी ने ओडिशा में जमकर कोहराम मचाया है। पुरी, भुवनेश्वर में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अब तक आठ लोगों की मौत हुई है और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हालात का जायजा लेने सोमवार को ओडिशा जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश और 175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली प्रचंड हवाओं के साथ चक्रवाती तूफान ‘फानी’ ने शुक्रवार की सुबह ओडिशा तट पर दस्तक दी। इससे कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। अब फानी बंगाल पहुंच चुका है। बंगाल और झारखंड के कई शहरों में तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। दोनों राज्यों में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। राहत की बात ये है कि अब तक पश्चिम बंगाल में फानी से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ओडिशा जाएंगे। उन्होंने ट्वीट कर बताया है, ‘मैं हालात का जायजा लेने के लिए 6 मई को ओडिशा जाऊंगा।’
एअर इंडिया भी मदद के लिए आगे आई है। उसने तूफान प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए कोई किराया न लेने की घोषणा की है। साथ ही कहा है कि कोलकाता एयरपोर्ट से जो उड़ानें रद्द कर दी थीं, उसे शनिवार से बहाल कर दिया है।