तीरथ की कैबिनेट में भी बरकरार रहा पौड़ी का दबदबा

0
312
कैबिनेट
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में भी पौड़ी जिले का दबदबा बना रहा। पौड़ी जिले से मुख्यमंत्री सहित पांच लोग मंत्रिमंडल में शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री और एक कैबिनेट मंत्री जनपद पौड़ी के मूल निवासी हैं, जबकि दो कैबिनेट व एक राज्यमंत्री जिले की विधानसभा क्षेत्रों से विधायक हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कैबिनेट में भी जनपद पौड़ी से मुख्यमंत्री सहित पांच लोग शामिल थे।
राज्य के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की नई कैबिनेट में भी एक बार फिर जनपद पौड़ी का दबदबा देखने को मिला है। प्रदेश की 12 सदस्यीय नई कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री पौड़ी जिले के हैं। इस कैबिनेट में इस जिले से सबसे ज्यादा मंत्री बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री जनपद पौड़ी के विकास खंड कल्जीखाल स्थित सीरों गांव के मूल निवासी हैं, जबकि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जनपद के पौड़ी ब्लाक स्थित औणी गांव के रहने वाले हैं। कोटद्वार से विधायक डाॅ. हरक सिंह रावत को एक बार फिर कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। डाॅ. रावत खिर्सू ब्लाक के गहड़ गांव के रहने वाले हैं। आध्यात्मिक गुरु व चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से विधायक सतपाल महाराज को नई कैबिनेट में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। महाराज विकास खंड पोखड़ा के धैड़गांव के मूल निवासी हैं। तीरथ के मंत्रिमंडल में डाॅ. धन सिंह रावत को राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। डाॅ. धन सिंह ‌विकास खंड थलीसैण के नौगांव के रहने वाले हैं।