विधायक महेश नेगी प्रकरण की जांच अब पौड़ी पुलिस करेगी

0
400
महेश नेगी
दुष्कर्म और अवैध संबंधों के आरोपो से घिरे द्वाराहाट विधायक महेश नेगी प्रकरण की जांच अब पौड़ी पुलिस करेगी। आईजी गढ़वाल अभिनव कुमार ने इस संबंध में एसएसपी पाैड़ी को पत्र भेजा है। पत्र में मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष श्रीनगर को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने एसएसपी देहरादून को मामले से संबंधित समस्त दस्तावेज पौड़ी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं। पौड़ी के एसएसपी ने बताया कि आदेश की जानकारी मिल गई है और जल्द ही कार्यवाही की जाएगी।
आईजी ने प्रकरण की जांच पौड़ी की महिला थाना श्रीनगर को सौंपी

दरअसल, द्वाराहाट विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए अपने पुत्र का पिता महेश नेगी को बताया था। इस संबंध में थाना नेहरू कालोनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, विधायक नेगी की पत्नी ने भी उक्त महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में देहरादून पुलिस की भूमिका से नाराज आईजी गढ़वाल अभिनव कुमार ने उक्त दोनों मुकदमे पौड़ी पुलिस को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में पौड़ी पुलिस को आईजी अभिनव कुमार का पत्र प्राप्त हो गया है। निर्देश के अनुसार मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष श्रीनगर को सौंपी जानी है। हालांकि पौड़ी एसएसपी पी रेणुका देवी के वीआईपी ड्यूटी में मुख्यालय से बाहर होने के कारण इस पर अभी कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। एसएसपी पी रेणुका देवी ने बताया कि उन्हें इस आदेश की जानकारी हो गई है। मुख्यालय पहुंचते ही कार्यवाही की जाएगी।