अमेरिका से हरिद्वार लौटी महिला की खांसी-बुखार से अचानक मौत, मचा हड़कंप

0
510
अमेरिका से हाल ही में हरिद्वार लौटी कोरोना की संदिग्ध महिला मरीज की रविवार सुबह मौत हो गई है। महिला का इलाज हरिद्वार के बीएचएल हॉस्पिटल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला पति के साथ  6 मार्च को अमेरिका से लौटी थी।
शिवालिक नगर के एम कलस्टर में रहने वाले रिटायर्ड भेल कर्मी सत्यपाल सिंह चौहान 6 मार्च को अपनी पत्नी सरोज के साथ अमेरिका से लौटे थे। पत्नी के बीमार होने पर 13 मार्च को प्राइवेट डॉक्टर से महिला ने अपनी जांच कराई थी। 17 मार्च को महिला को हल्का बुखार और खांसी की शिकायत थी।  रविवार सुबह सरोज की अचानक तबीयत खराब हो गयी। उन्हें तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया, किन्तु चिकित्सालय पहुंचने से पूर्व ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की भेल प्रशासन ने तत्काल सूचना जिला प्रशासन का दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और शिवालिकनगर में हड़कंप मच गया। तत्काल चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लिया।
सीएमओ सरोज नैथानी के अनुसार महिला को इंसुलिन, शुगर, ब्लड प्रेशर, किडनी की बीमारी थी और तबीयत बिगड़ने पर महिला को बीएचएल हॉस्पिटल ले जाया गया था किन्तु महिला की मौत हो गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है। प्रशासन ने महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के घर को भी सैनेटाइज कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मृतका के परिजनों के खून के नमूने लिये हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
हरिद्वार में कोरोना के 5 नए संदिग्ध मरीज मिले, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
धर्मनगरी मे रविवार को कोरोना के 5 नए संदिग्ध मामले सामने आये हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन पांचों युवकों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
देश के अलग-अलग शहरों के ये पांचों ही युवक पिछले कई दिनों से विदेशी पर्यटकों को भारत भ्रमण करा रहे थे। इनमें दो युवकों को बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लाया गया, जिसके बाद पांचो युवकों को मेला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा कर सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।