कोरोना वायरस से हाहाकार, वुहान से 324 भारतीय पहुंचे दिल्ली

0
406
कोरोना
नई दिल्ली,  कोरोना वायरस से चीन में हाहाकार मचा हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के कोरोना वायरस को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने के बाद पूरी दुनिया चौकन्ना हो गई है। दुनिया के तमाम देशों के हजारों लोग चीन में फंसे हुए हैं। भारत ने अपने नागरिकों को चीन से एयर लिफ्ट करने का फैसला किया है। विशेष विमान भेजा गया। कोरोना वायरस ने सबसे ज्यादा कहर चीन के वुहान शहर में बरपा है। शुक्रवार देररात एयर इंडिया के विशेष विमान से वुहान से 324 भारतीय यात्रियों का पहला दल दिल्ली पहुंचा। सभी को सेना की निगरानी में रखा गया है।
वुहान से स्वदेश पहुंचे भारतीय दल के स्वास्थ्य की जांच के लिए सेना ने मानेसर में विशेष वार्ड स्थापित किया है। इस वार्ड में एक साथ लगभग 300 लोगों को रखा जा सकता है। इस वार्ड में मेडिकल छात्रों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की अनुभवी टीम दल की निगरानी रखेगी। सेना ने कहा है कि इस विशेष वार्ड में रखने से पहले दो प्रक्रिया होंगी। सबसे पहले हवाई अड्डे पर भारतीय छात्रों की स्क्रीनिंग की जाएगी। उसके बाद उन्हें इस विशेष वार्ड में पहुंचाया जाएगा। अगर कोई संदिग्ध पाया जाता है तो उसे बेस अस्पताल दिल्ली छावनी के आइसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित किया जाएगा।
वुहान से स्वदेश पहुंचे भारतीय दल में शामिल छात्रों की स्क्रीनिंग सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) और हवाई अड्डा स्वास्थ्य प्राधिकरण (एपीएचओ) की संयुक्त टीम ने की है। उल्लेखनीय है कि भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए एयर इंडिया का 423 सीटों वाला बी747 विमान शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर 1ः 20 बजे वुहान भेजा गया था। इस खतरनाक वायरस से चीन में अब तक 259 लोगों की मौत हो चुकी है और 11,791 लोग संक्रमित हैं।