पार्टी में सम्मान देने के बजाए उनका हमेशा अपमान हुआ : हरीश धामी

    0
    300
    हरीश धामी

    कांग्रेस के धारचूला विधायक हरीश धामी की नाराजगी एक बार फिर कांग्रेस के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। धामी का कहना है कि पार्टी में सम्मान देने के बजाए उनका हमेशा अपमान हुआ। वहीं, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के दिल्ली दौरा ने भी राज्य के राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है।

    उत्तराखंड कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और उप नेता की नियुक्ति के बाद पार्टी में विरोध के स्वर खुलकर सामने आने लगे हैं। देहरादून से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार नेताओं का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। हालांकि के पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि इस्तीफा देने वालों से ज्यादा प्रतिशत बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का है।

    हरीश धामी की नाराजगी को लेकर भी यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह अपना सीट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए खाली कर सकते हैं। इससे पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए साल 2014 में सीट छोड़ चुके हैं। हरीश धामी ने कहा कि वह अपने क्षेत्र की जनता के निर्णय पर कदम बढ़ाते हैं। अगर जनता कहेगी तो सीट छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में काम करने लिए कई विकल्प होते हैं।

    हरीश धामी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पहली बार कांग्रेस सीट से जीते विधायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया, लेकिन तीन बार के विधायक को कुछ नहीं।

    उधर, भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का एकाएक दिल्ली दौरे को लेकर सबकी नजरे टिकी हुई हैं। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के बाद प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री का एकाएक दिल्ली जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।

    इन दौरे को लेकर एक बार फिर से भाजपा में भी राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि यह दौरा किस प्रकार का है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पार्टी पदाधिकारी कुछ भी बताने और बोलने से परहेज कर रहे हैं।