यमुनोत्री हाइवे में बस में गिरी चट्टान, महाराष्ट्र की महिला तीर्थयात्री की मौत

0
197

उत्तराखंड में यमुनोत्री हाइवे पर नासूर बन चुके डबरकोट में आज सुबह महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की बस पर चट्टान गिरने से महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। इस हादसे में एक पुरुष तीर्थयात्री को चोट आई है। उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है।

जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार यह हादसा जानकीचट्टी से बड़कोट के बीच डाबरकोट के पास हुआ। हादसे में महिला तीर्थयात्री पायल समेत दो लोग घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस से सीएससी बड़कोट लाया गया है। यहां पायल की मृत्यु हो गई। घायल कृष्ण सिंह को देहरादून भेजा गया है। यह लोग यमुनोत्री से दर्शन करके लौट रहे थे।

गुमखाल में वाहन खाई में गिरा, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के थाना सतपुली क्षेत्रान्तर्गत गुमखाल में देररात एक वाहन अनियंत्रित होकर पांच सौ मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में कुल चार लोग सवार थे। इनमें से तीन के शव बरामद किए गए हैं। एक व्यक्ति लापता है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

थाना सतपुली की सूचना पर एसडीआरएफ टीम पोस्ट सतपुली और श्रीनगर से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन में चार लोग सवार थे। वह गुमखाल बाजार से अपने घर जा रहे थे।

एसडीआरएफ के जवानों ने घनघोर अंधेरे में अत्यधिक दुर्गम मार्ग से होते हुए खाई में उतरकर वाहन तक पहुंचे। वाहन सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। तीनों के शव रोप स्ट्रैचर की सहायता से ऊपर लाकर जिला पुलिस को सुपर्द किया गया। चौथे लापता व्यक्ति की सर्चिंग की जा रही है। वाहन सवार गांव देवदाली, ब्लॉक जयहरीखाल, पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।