पीएम, नड्डा और शाह समेत कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे शपथ ग्रहण समारोह में

0
240
प्रधानमंत्री

उत्तराखंड में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब यहां नई सरकार का गठन होने जा रहा है। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राष्ट्रीय स्तर के नेता शामिल होंगे। यह जानकारी उत्तराखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने दिया।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि शपथ ग्रहण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। दो-तीन दिनों में जैसे ही शपथ ग्रहण का कार्यक्रम तय होगा, वैसे ही सभी अथितियों को निमंत्रण भेज दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि हमें पूरी उम्मीद है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। कई राष्ट्रीय नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले अथितियों के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों को व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। मदन कौशिक ने बताया कि जिला स्तर पर व्यवस्था में लगे पदाधिकारी जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के अथितियों को शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए निमंत्रण भेजेंगे। इसकी पूरी व्यवस्था कर ली गई है।

समारोह की तैयारियों को लेकर पहले 17 मार्च को बैठक हो चुकी है। समारोह को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए देहरादून में आज भी भाजपा पदाधिकारियों की बैठक है।

कल भाजपा के विधानमंडल दल की बैठक होनी है। पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी भी इस बैठक में शामिल होंगी। इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर लगेगी। नए मुख्यमंत्री के नाम तय होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह की तिथि और स्थान पर निर्णय होना है।

भाजपा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव दो तिहाई बहुमत से जीती है। पार्टी ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीत कर इतिहास रचा है। भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है तो 2 सीट बसपा और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव जीता है।