देहरादून के हर वार्ड के लिए नगर निगम ने स्वीकृत किए 15 लाख रुपये

0
707
नगर निगम बोर्ड बैठक में हर वार्ड के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 60 वार्डो के हिसाब से यह धनराशि 9 करोड़ बैठती है। हाल ही में नगर निगम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के अभिनन्दन समारोह हुआ था। इसमें आए खर्चे को देखते हुए बोर्ड ने पांच लाख स्वीकृत किए। हलाकि, पार्षदों ने कहा कि पांच लाख से कम ही खर्चा हुआ होगा। एक पार्षद ने आरटीआई लगाने की भी बात कही है। मेयर ने बताया कि रिस्पना-बिंदाल की सफाई को नगर निगम 25 लाख देगा, बाकी 25 लाख एमडीडीए खर्च करेगा। कोटेशन से तीन लाख की स्ट्रीट लाइट का सामान मंगवाया जाएगा। स्लैब के लिए 10 लाख स्वीकृत किए हैं।
दूध की डेरियों से गोबर नाली में बहाने पर नगर निगम की बोर्ड बैठक में जुर्माने के नए शुल्क प्रस्तावित किए हैं। पहली बार में 500, दूसरी बार में 1000 और तीसरी बार गन्दगी करने में 5 हजार जुर्माना लगेगा। यह प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
बोर्ड बैठक में घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर पार्षदों ने खूब हंगामा किया उन्होंने कहा कि कूड़ा ठीक से उठाया नही जाता है। ऐसे में मेयर ने कहा कि अब घरों से कूड़ा उठाने की गाड़ी चालक सीधा पार्षद के सम्पर्क में रहेगा। पार्षद की स्वीकृति के बाद ही चालक के महीने का भुगतान होगा। जो कूड़ा उठा रहे हैं, उनके खिलाफ एफ आई आर कराई जाएगी। उधर, बोर्ड ने वर्कशॉप, ट्रांसपोर्ट का काम वरिष्ठ नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश गुंजियाल को दे दिया है। कूड़ा उठाने का इंचार्ज वरिष्ठ नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के सिंह को बनाया गया है।