नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, मचा हड़कम्प

0
405

कोटद्वार, नगर निगम की ओर से बुधवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से सड़क किनारे रेहड़ी लगाने वालों में हड़कंप मच गया।

अतिक्रमण अभियान के दौरान नगर निगम की टीम के साथ पुलिस भी साथ रही। नगर निगम के सहायक आयुक्त का कहना है कि शहर में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार सुबह गोखले मार्ग स्टेशन रोड, गंगादत्त जोशी मार्ग, पटेल मार्ग, गाड़ीपड़ाव में अभियान चलाकर फुटपाथ को खाली कराया।
इस दौरान निगम की टीम बाजार में कई घंटों तक घूमती रही। प्रशासन ने दुकानदारों को दोबारा सामान बाहर मिलने पर चालान काटने एवं कार्रवाई की चेतावनी दी। इस बीच टीम और दुकानदारों के बीच नोक-झोंक भी हुई। रेहड़ी वालों का आरोप था कि हर बार प्रशासन का अभियान गरीबों तक ही सीमित रहता है। बड़े दुकानदारों पर अभियान का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि, “कोर्ट के आदेश पर नाली के बाहर और नाली के ऊपर किए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।” राजेश नैथानी ने बताया कि, “अभियान के दौरान करीब आठ लोगों का चालान काटा गया, जबकि पांच ठेलियों को जब्त किया गया। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”