देहरादून जू के निकट 70 वर्ष पुराने पुल का निरीक्षण

0
595

देहरादून मसूरी मोटर मार्ग में देहरादून जू के निकट 70 वर्षो से अधिक पुराने पुल के निर्माण के लिए बीते 4 जनवरी को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जांच कराने एवं क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नये पुल बनाये जाने की मांग की थी, जिसके बाद शासन द्वारा तकनीकि सहलाकारों एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निरीक्षण करने को निर्देशित किया गया।

मसूरी विधायक गणेश जोशी के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर पुल का निरीक्षण किया और 24 मीटर स्पान के इस पुल के नवनिर्माण के लिए 15 दिन में आगणन तैयार कर शासन को प्रेषित किये जाने का भरोसा दिलाया। विधायक जोशी ने बताया कि, “मसूरी में पर्यटकों को शत प्रतिशत आगमन इसी मार्ग से होता है और यह मार्ग मसूरी पहुॅच के लिए सबसे नजदीक और सुविधाजनक है। देहरादून जू भी पुल से लगा हुआ है, जिसके चलते इस पुल पर जाम की स्थिति बनी रहती है।” स्थानीय लोगों द्वार बताया गया कि पुल अत्यधिक हिलता है और कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

विधायक जोशी ने कहा कि, “कुछ समय पूर्व एक अंग्रेजी समाचार पत्र में आलेख के बाद उन्होंने विभाग को जांच के निर्देश दिये थे, जिसके बाद अधिकारियों ने पुल की स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होनें बताया कि इस पुल की गहराई लगभग 100 फुट से अधिक है।”

विधायक जोशी ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर पुल नवनिर्माण का आगणन शासन में भेजने को निर्देशित किया है। उन्होनें कहा कि वह क्षेत्र का विकास एवं आम जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जिम्मेदारी का निर्वहन करने को अपना कर्तव्य समझते हैं।