मिशन 2022ः चुनाव में उतरने के लिए भाजपा की तैयारियां तेज

0
551
भाजपा
मिशन 2022 के चुनाव में उतरने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की अध्यक्षता में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में आगामी कार्यक्रमों के संचालन के लिए पांच समितियों का गठन किया गया है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने दी।
-कार्यक्रम संचालन के लिए भाजपा ने बनाई पांच समितियां
-कोर ग्रुप की बैठक में लिए गए अहम फैसले  
उन्होंने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इसमें विपक्षी दलों द्वारा किसानों को गुमराह कर कृषि कानून के विरोध में किए जा रहे तथ्यहीन आंदोलन के लिए पार्टी लाइन और आवश्यक वक्तव्यों के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदेश भाजपा  मंत्री राजेन्द्र बिष्ट को जिम्मेदारी दी गई है। किसान आंदोलन पर पत्रकार वार्ता के लिए कृषि मंत्री सुबोध उनियाल व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान को अधिकृत किया गया है।
चौहान ने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी में शामिल होने वाले आवेदकों के लिए एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। शामिल होने वाले लोगों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल को दी गई है। सूची के आधार पर इन लोगों को प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय से विचारोपरांत पार्टी में शामिल करने का निर्णय लिया जाएगा। चौहान ने बताया कि सरकार के मंत्रियों के जिलों में प्रवास पर मासिक रिपोर्ट तैयार होगी। बैठक में सल्ट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव पर भी विचार-विमर्श किया गया। सल्ट विधानसभा उपचुनाव की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट को चुनाव को जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा नेता चौहान ने बताया कि 19 फरवरी को मरचूला में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर के लिए रोड मैप तैयार करने के लिए राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल की अध्यक्षता पांच सदस्यी कमेटी बनाई गई है। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, डॉ. धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार और सुरेश भट्ट को शामिल किया गया है। यह समिति चिंतन शिविर के लिए मिशन 2022 का रोडमैप तैयार करेगी। रोडमैप को चिंतन शिविर में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद मिशन 2022 के लिए रणनीति तय की जाएगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक सभी समितियों की मॉनिटरिंग प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और प्रदेश महामंत्री ( संगठन ) अजेय करेंगे।