तेज धूप से उछला उत्तराखंड का पारा, सर्दी हुई गायब

0
526

देहरादून,  उत्तराखंड में तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम से सर्दी गायब है। शनिवार सुबह से प्रदेशभर में चटख धूप खिली है जिसके चलते गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, उधम सिंह नगर तथा नैनीताल जिले में कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा (झक्कड़) चलने की संभावना है। यह गति 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि, “आसमान मुख्यतः साथ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उत्तराखंड के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा गरज के साथ हो सकती है। रविवार को उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।”

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस तथा पर्वतीय क्षेत्रों में चार से छह डिग्री सेल्सियस ऊपर रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अगले 36 घंटे के बाद अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है।

बीते 25 मार्च को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने से तापमान में दो से ती डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी। उसके बाद से लगातार पारे में उछाल देखा जा रहा है। शुक्रवार को देहरादून का तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम 16 डिग्री के लगभग रहा। अब लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिससे सूबे में गर्मी दौर शुरू हो गया है।