उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से तापमान में आई गिरावट

0
786

देहरादून,  मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई। राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मौसम में बदलाव हुआ और बादल छा गये। करीब दस बजे से बारिश शुरू हो गई। कुमाऊं मंडल के तराई वाले इलाकों में बादल छाए हैं। यहां धूल भरी तेज हवा चल रही है।

मसूरी में आसमान में काले घने बादल छाए रहे। करीब ग्यारह बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई है। गर्मी से राहत मिली है। हरिद्वार में सुबह से ही मौसम खराब है। सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम ठंडा बना हुआ है। पौड़ी जिले के कोटद्वार में मौसम खराब है।

चमोली जिले में आसमान में बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी जारी रही। यहां बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम में थोड़ी ठंडक आ गई है। रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक आसमान में हल्के बादल छाए हैं।

मौसम विभाग विज्ञान केन्द्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि, “प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अगले 36 घंटों में भारी ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है।” उन्होंने बताया कि आंधी की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक हो सकती हैं। मौसम के मिजाज के मद्देनजर शासन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।