उत्तराखंड के कई शहरों में पारा शून्य से नीचे

0
490

उत्तराखंड जबरदस्त शीतलहर की चपेट में है। प्रदेश के नौ शहरों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। मसूरी, अल्मोड़ा, जोशीमठ, मुक्तेश्वर और उत्तरकाशी जैसे शहर इसमें शामिल हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक बर्फीली हवा से हाड कंपकंपा रहे हैं। शुक्रवार देहरादून में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान तीन से कम 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

बीते दो दिनों से प्रदेश में मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है। चुभती हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कुमाऊं में पिथौरागढ़ जिले के मुऩस्यारी की पहाडिय़ों में हिमपात के साथ ही पंचाचुली ग्लेशियर में बर्फीले तूफान के भी समाचार हैं।  कुमाऊं के सभी चार पर्वतीय जिलों में पारा माइनस में चला गया है। शाम होते ही भाबर व तराई भी जबरदस्त ठंड की चपेट में है। इसके अलावा बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और गौरसो बुग्याल (उच्च हिमालय में घास के मैदान) में जमकर बर्फबारी हुई।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शनिवार को भी मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार नहीं हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर,    अधि,   न्यूनतम

  • अल्मोड़ा, 14.4,  -5.1
  • जोशीमठ, 17.2,  -1.7
  • मसूरी    12.0,   -0.5
  • नैनीताल  10.2,   2.9
  • पंतनगर   19.2   -0.2
  • पिथौरागढ़ 14.2  -1.4
  • मुक्तेश्वर  11.6, -4.5
  • नई टिहरी  12.6, -1.2
  • देहरादून  20.7,   2.8
  • हरिद्वार   18.5,   2.2
  • उत्तरकाशी 18.8,  0.0
  • चम्पावत  13.5 -0.2