देव प्रयाग में नकली नोट चलाने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

0
309

चारधाम यात्रा में नकली नोट की बड़ी खेप चलाने का देव प्रयाग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां दो सौ के नकली नोटों के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसमें दिल्ली पुलिस का एक सिपाही भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार देव प्रयाग के निकट मुल्यागांव में पिछले मंगलवार को श्रीनगर की ओर जाते चार लोगों ने सिगरेट लेने के लिए एक दुकानदार में दो सौ का नोट दिया। एक अन्य दुकानदार से भी कुछ सामान लेने पर भी दो सौ का नोट दिया। बुधवार की शाम वापसी के समय भी इन्हीं चार लोगों ने मुल्यागांव में सिगरेट लेने के लिए दुकानदार को फिर से दो सौ का नोट थमा दिया। इस बीच दोनों दुकानदारों को इन नोटों को लेकर शक होने लगा। इसके बाद एक दुकानदार ने आगे पाली ढाबे तक चारों का पीछा किया। यहां गिरोह के सदस्य ऐसा ही नोट चलाने के प्रयास में थे। नकली नोट होने का हो हल्ला होने पर चारों भागने लगे।

इधर, देवप्रयाग पुलिस ने सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय के निकट एसएसआई अनिरुद्ध मैठाणी की टीम ने कार में बैठते ही चार लोगों को धर दबोचा। थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि गिरोह से दो सौ के चार नकली नोट बरामद किए गए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गुड़गाव हरियाणा में नकली नोट प्रिंट कर वह कई शहरों के छोटे दुकानदारों से सामान खरीदते थे। उनकी योजना चारधाम यात्रा में नकली नोटों की बड़ी खेप चलाने की थी। इसके तहत वह रुद्रप्रयाग तक गए थे। गिरोह में दिल्ली पुलिस का एक सिपाही सचिन पुत्र राजकुमार निवासी छपरा थाना राय जिला सोनीपत भी शामिल है। सिपाही सहित गिरोह के सदस्य हितेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी बीपीओ, मोहित रविन्द्र कुमार दोनों निवासी थाना कुंड जिला रेवाड़ी तथा दीपक पुत्र जगदीश सिंह निवासी छपरा बहादुरपुर जिला सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।