अब मेडल जीतने पर खिलाड़ियों को मिलेगी नौकरी : रेखा आर्य

0
530
मेडल
FILE

खेल नीति 2021 आउट ऑफ टर्न सेवा मिलना बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वालों को ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ की तर्ज पर नौकरी देने की योजना बनाई है।

गुरुवार को आउट ऑफ टर्न जॉब का जीओ जारी होने पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। खेल मंत्री ने कहा कि आज यह बेहद खुशी का विषय है कि पूर्व की कैबिनेट बैठक में आउट ऑफ टर्न जॉब को मंजूरी मिली थी, जिसका की जीओ जारी होने शेष था जो आज जारी हो गया है। उन्होंने कहा कि निश्चित ही राज्य के ऐसे खिलाड़ी जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक ला रहे हैं, उन्हें आउट ऑफ टर्न जॉब के माध्यम से नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के लिए काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि हम खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करे।खेल और खिलाड़ियों के हितों के लिए कई निर्णय लिए जा रहे हैं।

खेल मंत्री आर्या बताया कि खेल नीति, 2021 के अन्तर्गत अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को उत्तराखण्ड में राजपत्रित/ अराजपत्रित पदों पर आउट ऑफ टर्न सेवायोजन प्रदान किये जाने के सम्बन्ध में निर्णय लिया गया था, जिसकाे सरकार ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।

वर्तमान में उत्तराखंड राज्य के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन की अभी तक कोई व्यवस्था निर्धारित नहीं थी, जबकि वर्तमान में कई राज्य खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर सीधे सेवायोजित किया जा रहा है। इसके फलस्वरूप उत्तराखंड के प्रतिभावान खिलाड़ी, जिन्होंने पूर्व में पदक प्राप्त किये हैं अथवा वर्तमान में पदक प्राप्त कर रहे हैं, वे अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिये अन्य राज्यों में सेवायोजन प्राप्त कर रहे हैं और उन्हीं राज्य का विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं। इसके कारण उत्तराखंड राज्य खेल प्रतिभाओं के होने के बावजूद, अन्य राज्यों से पिछड़ गया था।