मैक्स दुर्घटना में पांच की मौत, पांच लोग घायल

0
623

देहरादून,  उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सोमवार सुबह लगभग 09:30 बजे जोगत से चिन्यालीसौड़ आ रही एक मैक्स वाहन भडकोट बैण्ड के पास खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गये। मौके पर राहत बचाव कार्य में जुटी पुलिस प्रशासन की टीम ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला जिन्हें चिन्यालीसौड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहान करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरा था।

बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन जोगत से चिन्यालीसौड़ आ रहा था। जोगत मोटर मार्ग पर भडकोट के पास चालक ने वाहन से नियं‍त्रण खो दिया। इस कारण वाहन खाई में गिर गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को खाई से निकाला और अस्‍पताल में भर्ती कराया है। यहां घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों में कृपाल सिंह (65 वर्ष), दिपना देवी (55 वर्ष) पत्नी विशन सिंह, कृष्णा देवी (24 वर्ष) पत्नी संदीप सिंह सभी निवासी बनकोट चिन्यालीसौड और लक्ष्मी देवी (40 वर्ष) पत्नी विक्रम भैंगवाल निवासी गांव चिन्यालीसौड, पु​लम सिंह (52 वर्ष) पुत्र महानंद निवासी बनकोट को देहरादून ले जाते समय हवाई पट्टी पर मौत हो गई। जबकि घायलों में सोबन सिंह, चालक विद्या सिंह, प्रियंका, सुषमा व एक दो साल की बच्ची शामिल हैं। गंभीर घायलों को हेली से रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था व अनुमन्य राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को इस दुर्घटना के मजिस्ट्रियल जांच के भी निर्देश दिए हैं। गम्भीर घायलों का हायर सेंटर रेफर करने के लिए मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबन्धन को शीघ्र हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।