भोजपुरी गायक व भाजपा सांसद मनोज तिवारी दून में मांगेंगे वोट

0
484

देहरादून,  उत्तराखंड निकाय चुनाव में जीत के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी ताबड़तोड़ जनसंपर्क में जुटे हैं। जनता से अपने पक्ष में वोट की अपील करते ​नजर आ रहे हैं। भोजपुरी वोटरों को लुभाने के लिए निकाय चुनाव में भाजपा ने मनोज तिवारी को स्टार प्रचार के रूप में बुलाया है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने बताया कि, “आगामी छठ पर्व के अवसर पर 14 नवम्बर को दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व प्रसिद्ध भोजपुरी गायक मनोज तिवारी देहरादून आ रहे हैं। मनोज तिवारी का समय मिल गया है।” 

परेड मैदान स्थित भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय से सात प्रचार-प्रसार वाहनों को भाजपा मेयर प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, विधायक हरवंश कपूर ने भाजपा का झंडा दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज करेगी और एक नया किर्तिमान स्थापित करने जा रही है। गोयल ने बताया कि, “प्रचार वाहन सभी गली-मोहल्लों में जाकर जनता के सामने अपनी बात रखेगी।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने देहरादून के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम की सहमति प्रदान की है। इसके अनुसार रविवार को पहला कार्यक्रम मोहकमपुर में आयोजित होगा।”

एक सवाल के जवाब में गोयल ने कहा कि कांग्रेस का कुनबा बिखर रहा है और लोग भाजपा सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित ​होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।