बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में मलबा आने से अवरुद्ध, यात्री परेशान

0
642

देहरादून। प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। भूस्खलन से चारधाम यात्रा मार्ग और तमाम अन्य ग्रामीण संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे रविवार रात से एक बार फिर लामबगड़ में पत्थर और मलबा आने से बंद हो गया है। यात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। हेमकुंड यात्रा जारी है। कुलिग गांव में 11 घरों में भू-धसाव हो रहा है। ग्रामीणों को पंचायत घर में रखा जा रहा है।
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 94) ओजरी डाबरकोट में मलबा और पत्थर गिरने के कारण अवरुद्ध है। मार्ग को सुचारु करने के लिए दो जेसीबी, एक पॉकलैंड और एक डोजर मशीन लगाई गई है। यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग त्रिखली-कुलशाला-श्याना चट्टी से यात्रा चल रही है।
सोमवार को मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटे में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी देहरादून में दोपहर बाद गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहेगा।