श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार 23 अगस्त को

0
490
हरिद्वार,  सनातन धर्म में प्रमुख माना जाने वाला श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार 23 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अपना आठवां अवतार लिया था। उनके जन्मोत्सव की खुशी में ही इस पर्व को मनाया जाता है।
मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी को हुआ था, जो कि इस बार 23 अगस्त को पड़ रही है। इस वजह से जन्माष्टमी 23 अगस्त को ही मनाया जाएगा। कई स्थानों पर 24 अगस्त को भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा। तिथि एंव नक्षत्र के हिसाब से 23 अगस्त को ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाना सही है।
पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री के मुताबिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। यह हिन्दुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक है। ऐसा माना जाता है कि सृष्टि के पालनहार श्री हरि विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में आठवां अवतार लिया था। देश के सभी इलाकों में इस पर्व को अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है। बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व दो दिन ही मनाया जाता है। प्रथम दिन शैव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाते हैं जबकि दूसरे दिन वैष्णवों के पर्व मनाने की परम्परा है। ऐसी भी मान्यता है कि प्रथम दिन मथुरावासी तथा दूसरे दिन गौकुलवासी इस पर्व को मनाते हैं। इस कारण दो दिन यह पर्व मनाया जाता है।