कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने थामा भाजपा का दामन

0
293

लंबे समय से पार्टी में हाशिये पर चल रहे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। किशोर ने गुरुवार सुबह देहरादून में पार्टी कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले गुरुवार सुबह ही कांग्रेस ने  किशोर को पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए छह साल के लिये पार्टी से निष्कासित कर दिया था।किशोर के अब टिहरी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि लंबे समय से किसोर उपाध्याय और प्रदेश कांग्रेस के बीच ऑल इज वेल नहीं था। कुछ दिन पहले ही पार्टी ने किशोर को अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। कांग्रेस के राज्य प्रभारी देवेंद्र यादव ने इसके आदेश जारी कर किशोर उपाध्याय पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के साथ भाजपा नेताओं से मिलने को कांग्रेस को कमजोर करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद यह साफ हो गया था कि दोनों के बीच की दूरियां खत्म नहीं होने वाली हैं।

बहरहाल, यह तो लंबे समय से साफ था कि गुटबाजी की मार झेल रही प्रदेश कांग्रेस में किशोर उपाध्याय के लिये विकल्प बहुत सीमित बचे थे। यह बात जगजाहिर है कि प्रदेश कांग्रेस इस समय हरीश रावत समर्थक और विरोधी खेमों में बटी हुई है। लेकिन, किशोर उपाध्याय इनमे से किसी भी खेमे में अपनी जगह बनाने में कामययाब नही हुए। ऐसे में लंबे समय से वह पार्टी और राज्य की राजनीति में खुद को हाशिये पर देख रहे थे।

यह देखना अब दिलचस्प होगी कि किशोर भाजपा में अपने लिये क्या जगह बना पाते हैं और विधानसभा चुनावों में अपने राजनीतिक अनुभव का इस्तेमाल कर क्या वो राज्य की राजनीति में अपने खोये स्थान को पा सकेंगे। इन सवालों के जवाब के लिये हम सभी को 10 मार्च का इंतजार करना होगा।