केजरीवाल मुख्यमंत्री चेहरा और आध्यात्मिक राजधानी की घोषणा कर बढ़ाई सियासी तामपान

0
357
केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आगामी विधानसभा चुनाव में कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर राज्य के सियासी तापमान को बढ़ा गए। चुनावी समर में भाजपा कांग्रेस को मात देने के लिए उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दुसरी घोषणा भी राजय में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा का ऐलान राज्य की राजनीतिक हलचले तेज कर दी है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दोनों बड़ी घोषणाएं उत्तराखंड के भविष्य और उत्तराखंड के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगीं। मैं बेहद गर्व और फक्र के साथ आज यह एलान कर रहा हूं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल होंगे।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्नल कोठियाल को सीएम उम्मीदवार बनाने का निर्णय आम आदमी पार्टी का नहीं, उत्तराखंड के लोगों का है।लोगों का कहना है कि चंद पार्टियों और चंद नेताओं ने मिलकर उत्तराखंड को पूरी तरह से लूट लिया, अब हमें देशभक्त फौजी मुख्यमंत्री चाहिए।

इस मौके पर केजवरी ने देवभूमि उत्तराखंड को विश्व भर के हिन्दुओं की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की घोषणा कर भाजपा कांग्रेस चुनौती दे डाली है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ दिल्ली देश की प्रशासनिक राजधानी होगी और दूसरी तरफ उत्तराखंड हिन्दुओं की आध्यात्मिक राजधानी होगी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने आपदा के समय केदारनाथ का पुनर्निमाण किया था और अब उत्तराखंड का नवनिर्माण करने का बीड़ा उठाया है। जो राज्य के लिए सुखद है।

कुछ दिन पहले हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देवभूमि आए थे। उस दौरान उन्होंने एलान किया था कि हम मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में जनता से पूछेंगे कि जनता की क्या राय है? मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए हमने किस्म-किस्म के सर्वे किए। किस्म-किस्म तरीकों से देवभूमि की जनता से पूछा कि आम आदमी पार्टी को अपना सीएम उम्मीदवार किसे बनाना चाहिए? क्या कर्नल अजय कोठियाल को सीएम उम्मीदवार बनाना चाहिए?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अजय कोठियाल,वो शख्स हैं, जिन्होंने फौज में रहकर देश की सेवा की। अपनी जान की बाजी लगाकर आतंकवादियों का सामना किया। कुछ साल पहले केदारनाथ पर आपदा आई थी। तब इन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर केदारनाथ का पुननिर्माण किया था और अब इन्होंने उत्तराखंड का नवनिर्माण करने का वीड़ा उठाया है।

आप संयोजक ने दूसरी अहम घोषणा करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने जो केदारनाथ में काम किया, उसकी वजह से प्यार से लोग इन्हें भोले का फौजी भी कहते हैं। उत्तराखंड के लोग अजय कोठियाल के साथ मिल कर उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यत्मिक राजधानी बनाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हमारे उत्तराखंड के युवा के सामने सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और पलायन की है। युवाओं को अपना घर छोड़ कर दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। अजय कोठियाल वो शख्स हैं, जिनको रोजगार देना आता है। यह वो शख्स है, जिसको युवाओं को प्रशिक्षित करना आता है। इन्होंने दस हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया है और इनको रोजगार दिलवाना आता है। मैं अजय कोठियाल को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं और उत्तराखंड के लोगों को बधाई देना चाहता हूं।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री उम्मीदवार सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि आज मेरे लिए बहुत ही गर्व और सम्मान का दिन है कि अरविंद केजरीवाल खुद मुझे उत्तराखंड के नवनिर्माण की जिम्मेदारी दे रहे हैं। मेरे लिए यह काम आसान नहीं है। 20 साल पहले जब उत्तराखंड उत्तर प्रदेश से अलग हुआ था, तब सबकी एक कल्पना थी। उत्तराखंड के आंदोलनकारियों और महिलाओं ने उत्तराखंड को बनाने के लिए एक बहुत बड़ा आंदोलन किया था। अगर उस सोच को आगे लाना है, तो कोई न कोई तरीका होगा। तब मैंने अरविंद केजरीवाल के काम करने के तरीके और दिल्ली सरकार के गवर्नेंस मॉडल देखा कि कैसे केंद्र शासित प्रदेश होने के बावजूद, दिल्ली सरकार ने रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रभावशाली मॉडल बनाया है। दिल्ली मॉडल को देख कर मुझे समझ में आया कि अगर दिल्ली मॉडल को उत्तराखंड में प्रयोग किया जाए, तो काफी विकास हो सकता है।

उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी से तो बढ़ेगा रोजगार: कोठियाल

अजय कोठियाल ने आगे कहा कि उत्तराखंड हिंदुओं की अध्यात्मिक राजधानी बनेगी, तो बहुत फर्क पड़ेगा। चारधाम यात्रा की जगह अगर उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी बन गई, तो यहां पर भी अलग तरह की भावनाएं आनी शुरू हो जाएंगी। आध्यात्मिक टूरिज्म जो उत्तराखंड से निकलकर केरल में प्रसिद्ध हो गया, वह सारा उत्तराखंड में आ जाएगा और इसकी एक अलग ताकत बन जाएगी।

राजनीति से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए आया हूं

उन्होंने अंत में कहा कि मैं शादीशुदा आदमी नहीं हूं। मैं भारतीय सेना में था और प्रीमेच्योर रिटायरमेंट लिया। अगर मैं नौकरी नहीं छोड़ता था, तो शायद आज ब्रिगेडियर और मेजर जनरल बन रहा होता। मैं राजनीति से भ्रष्टाचार को खत्म कर प्रभावशाली गवर्नेंस के लिए आया हूं। मैं उत्तराखंड के लोगों से अनुरोध करना चाहता हूं कि अगर किसी कारण से उत्तराखंड का नव निर्माण नहीं हुआ, तो वह मेरी असफलता होगी।

देवभूमि संकल्प यात्रा में उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष एस.एस कलेर और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ देहरादून में क्लॉक टावर से दिलाराम चौक तक देवभूमि संकल्प यात्रा निकाली। रैली से पहले उन्होंने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके बाद घंटाघर से दिलाराम चौक तक रैली निकाली। इस रैली को राज्य के लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला और लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तराखंड के लोगों में आम आदमी पार्टी की स्वच्छ और नई किस्म राजनीति के प्रति बेहद उत्साह और जज्बा देखने को मिला। हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह विश्वास दिलाया कि उन्हें आम आदमी पार्टी की नई किस्म राजनीति पर पूरा भरोसा है और आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की भारी जीत होगी और सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।