कल्पना लाजमी पंचतत्व में विलीन

0
685

मुम्बई/नई दिल्ली,  फिल्मकार कल्पना लाजमी का शाम चार बजे मुम्बई में अंतिम संस्कार किया गया। फिल्म जगत से कुछ चुनिंदा लोग ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए, जिसमें अभिनेत्री शबाना आजमी, सोनी राजदान, श्याम बेनेगल दिखाई दिए।
कल्पना लाजमी को मुखाग्नि उनके भाई देव लाजमी ने दी। कल्पना अपने भाई और मां के साथ ही रहती थी। कल्पना लाजमी का रविवार को धीरुभाई अंबानी अस्पताल में सुबह 4ः30 बजे निधन हो गया था। वह लंबे समय से किडनी और लीवर की समस्या से जूझ रही थी।

उल्लेखनीय है कि कल्पना ने अपने फिल्मी करियर में ज्यादातर महिलाओं पर केंद्रित फिल्में बनाईं। कल्पना को फिल्म ‘रुदाली’ (1993) के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। यह फिल्म राजस्थान की रुदाली प्रथा पर केंद्रित थी। इस फिल्म में डिपंल कपाड़िया ने मुख्य किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नावाजा गया था। फिल्म में डिंपल के अलावा राखी, राज बब्बर, अमजद खान भी अहम भूमिका में थे। इसके अलावा 66वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) में फिल्म ‘रुदाली’ को सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में नामित भी किया गया था। इसके अलावा कल्पना की 2001 में आई फिल्म ‘दमन’ के लिए रवीना टंडन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।